सुजानपुर-संधोल सड़क पर टारिंग शुरू। स्रोत : लोनिवि
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर-संधोल सड़क पर सफर करने वाले लोगों को जल्द ही गड्ढों से निजात मिलने की उम्मीद है। सड़क पर बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए टारिंग का काम शुरू हो गया है।
करीब 20 किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के सुधार पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क सुधार योजना के तहत केवल टारिंग ही नहीं, बल्कि जल निकासी और सुरक्षा से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग की ओर से नालियों का निर्माण करवाया जाएगा, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। इसके अलावा सड़क के संवेदनशील हिस्सों में पैराफिट भी लगाए जाएंगे, जिससे वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
सड़क का सुधार कार्य केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के तहत करवाया जा रहा है। बारिश के दिनों में सड़क पर सफर जोखिम भरा हो जाता था और कई जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क की हालत सुधारने की मांग कर रहे थे।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, निर्माण कार्य जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। टारिंग और अन्य कार्य पूरे होने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कोट
लोगों को बेहतर सड़क सुविधा देने के लिए विभाग प्रयासरत्त है। जल्द टारिंग का काम पूरा कर सड़क की स्थिति में सुधार होगा।
-राजेश कपिला, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग सुजानुपर