गलोड़ (हमीरपुर)। गोईस पंचायत के गोईस गांव में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। जिस समय व्यक्ति ने यह कदम उठाया, उस समय वह घर पर अकेला था। परिवार बाकी सदस्य शादी समारोह में गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
अश्वनी कुमार (49) पुत्र ब्रह्म दास ने घर पर ही आत्महत्या की। उनका परिवार आईआरडीपी में है। अश्वनी मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी, 18 और 16 साल के दो लड़के छोड़ गया है। जिस समय उसने जहरीला पदार्थ खाया उस वक्त परिवार के सदस्य शादी में गए थे। तबीयत खराब होने पर उसे टैक्सी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गलोड़ लाया गया। श्हां चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहित डोगरा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया। हमीरपुर से उसे टांडा रेफर किया गया। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस थाना बड़सर के प्रभारी मस्त राम नाइक ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।