जमा एक और दो कक्षा के लिए नियुक्त नहीं किए प्रवक्ता
अध्यापक न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित, अभिभावकों की चिंता बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समीरपुर का दर्जा उच्च विद्यालय से बढ़ाकर वरिष्ठ विद्यालय का तो कर दिया गया है लेकिन अभी तक यहां पर एक ही प्रवक्ता अपनी सेवाएं नहीं दे रहा है। जबकि, इस स्कूल में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में विद्यालय में जमा एक और जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन विद्यार्थियों के लिए अन्य जगह से प्रवक्ताओं को डेपुटेशन पर भेजा जाता है लेकिन सप्ताह में तीन दिन कक्षाएं लग पाती हैं। ऐसे में इन विद्यार्थियों का भविष्य भी खतरे में है। इस बारे में एचजीटीयू भोरंज खंड के प्रधान राजीव कुमार, महासचिव वीरेंद्र कुमार शर्मा, वित्त सचिव सुरेश कुमार, संयुक्त सचिव विकास शर्मा, एसएमसी प्रधान सोनू कुमार ने सरकार से वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समीरपुर में अध्यापकों के पद सृजित करने की मांग की है ताकि विद्यार्थियोंं की पढ़ाई बाधित न हो। खंड प्रधान राजीव कुमार ने कहा कि उम्मीद है कि मुख्यमंत्री शीघ्र अति शीघ्र समस्या पर संज्ञान लें। स्थानीय विधायक सुरेश कुमार से भी आग्रह किया है कि समस्या को सरकार तक पहुंचाएं और इसका निवारण करें।