राइट टू ईट कार्यक्रम के तहत स्कूलों में लगेंगे जागरूकता शिविर
विद्यार्थियों सहित मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को किया जाएगा प्रशिक्षित
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग स्कूलों में आयोजित करेगा शिविर
विद्यार्थियों को संतुलित आहार, जंक फूड से होने वाले नुकसानों की दी जाएगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। इस बार भी जिलाभर के स्कूलों में विद्यार्थियों को सही खान-पान के बारे में जागरूक किया जाएगा। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में राइट टू ईट कार्यक्रम के तहत जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में विद्यार्थियों को संतुलित आहार, जंक फूड से होने वाले नुकसानों के बारे में विस्तारपूर्वक जागरूक किया जाएगा। शिविरों के दौरान स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।स्कूल प्रमुखों की ओर से विद्यार्थियों की गतिविधियों को ऑनलाइन राइट टू ईट पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। वहीं, गतिविधियों में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को एफएसएसएआई की ओर से सम्मानित किया जाएगा। शिविरों में विद्यार्थियों एवं मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को येलो बुक भी प्रदान की जाएगी। इस बुक के माध्यम से विद्यार्थियों को सही खान-पान और खाने की जांच करने के बारे में जागरूक किया जाएगा। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से कार्यक्रम के आयोजन को लेकर पांच-पांच स्कूलों में दो क्लस्टर बनाए गए हैं, ताकि एक साथ स्कूलों में कम समय में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा सके। वर्तमान में जिले के माध्यमिक और प्राथमिक स्कूलों में विद्यार्थियों को पीएम पोषण योजना के तहत मध्याह्न भोजन प्रदान किया जा रहा है। विद्यार्थियों को अधिक पोषक तत्वों के बारे में जागरूक करने के लिए शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने कहा कि राइट टू ईट कार्यक्रम के तहत स्कूलों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में विद्यार्थियों और मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं को संतुलित आहार लेने और येलो बुक से सही खाद्य सामग्री की जांच करने के बारे में जानकारी दी जाएगी।