डिग्री कॉलेज हमीरपुर में छात्रों को पार्किंग की दरकार है। समस्या के बारे में छात्र संगठन कॉलेज प्रबंधन के समक्ष कई बार मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्किंग के अभाव में छात्र एनएच के किनारे वाहन पार्क कर रहे हैं। कॉलेज छात्रों में तेन सिंह, सुरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, नवीन कुमार, सुनील कुमार, अनिल आदि का कहना है कि पार्किंग के अभाव में उन्हें एनएच किनारे वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं।
एनएच पर जाम की समस्या बन रही है। साथ ही दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना हुआ है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस एनएच किनारे खड़े इन वाहनों का चालान भी कर देती है। छात्र संगठनों की मानें तो बीते पांच सालों से छात्र कॉलेज गेट के बाहर एनएच किनारे वाहन पार्क कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कॉलेज प्रबंधन ने मुख्य गेट के साथ लगती खाली भूमि को पार्किंग निर्माण के लिए चिन्हित किया था, लेकिन भूमि चयन के बाद पार्किंग का निर्माण नहीं हो पाया है। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि कॉलेज परिसर में जल्द से जल्द पार्किंग का निर्माण किया जाए।
प्राचार्य चंचल कपूर का कहना है कि पुस्कालय के साथ पार्किंग बनाने का प्रपोजल है। जल्द ही यहां पार्किंग का निर्माण किया जाएगा।