हमीरपुर। विधानसभा क्षेत्र बड़सर के तहत आते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठियाणा में विद्यार्थियों से स्कूल में मजदूरी करवाने की मामले में विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर ने संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर इस मामले में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कठियाणा स्कूल में शुक्रवार को विद्यार्थियों से पहले पत्थर, रेत, बजरी और सीमेंट के बैग की ढुलवाई करवाई और उसके बाद सीमेंट-बजरी का मिश्रण बनाया। रेत और सीमेंट के कारण बच्चों के हाथ-पांव यहां तक स्कूली वर्दी तक मैली हो गई। स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं को अब कुछ ही समय शेष बचा है। कई स्कूलों में पाठ्यक्रम को पूरा करवाया जा रहा है और बच्चों को परीक्षा से संबंधित होमवर्क भी दिया जा रहा है। लेकिन, कठियाणा स्कूल में बच्चों से मजदूरी करवाने के मामले ने सरकारी स्कूलों में गुणात्मक और बेहतर शिक्षा की पोल खोल दी है। हालांकि, स्कूल के प्रधानाचार्य इसे ईको क्लब की गतिविधियां बता रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में आने वाले दिनों में वार्षिक समारोह है। इसलिए स्कूल में फूलों की क्यारियां और स्कूल परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। लेकिन शिक्षाविद बच्चों से स्कूल में इस तरह का कार्य करवाने की कड़े शब्दों में निंदा कर रहे हैं। इधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक जसवंत सिंह ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिल चुकी है। स्कूल के प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस भेजा है। वहीं उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि इस बारे में शिक्षा उपनिदेशक से जवाब मांगा गया है।
---