जिले के एक स्कूल में छात्र ने पिटाई के लिए हाथ में बांधी चेन और साथ में सहमा दूसरा छात्र।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में कॉलेज छात्र के साथ मारपीट के वीडियो के बाद अब जिले के तहत पड़ते एक सरकारी स्कूल के छात्र को बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, स्कूल प्रबंधन को जब इस बारे में पता चला तो अपने स्तर पर इसकी जांच बैठा दी है। उधर, पुलिस में मामला दर्ज नहीं है।
वीडियो में जिला मुख्यालय के साथ लगते एक स्कूल के कुछ छात्र एक जगह पर इकट्ठे होते हैं। इनमें से एक छात्र सिर पर अपने आप को थप्पड़ों और घूसों से बचाने के लिए हाथ लगाकर बैठा हुआ है और दूसरा छात्र खड़ा होकर हाथ में चेन बांधकर बैठे हुए छात्र पर एकाएक थप्पड़ और लातें बरसाता रहता है। ऐसे में साथ में खड़े अन्य छात्र पिटाई कर रहे छात्र को रुकने के लिए भी कहते हैं, लेकिन उक्त छात्र नहीं रुकता है और पीड़ित को बेरहमी से पीटता रहता है। यह घटना बीते वीरवार की बताई जा रही है लेकिन, शनिवार को स्कूल प्रबंधन को मामले का पता चलने के बाद इस पर जांच बैठा दी है। संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य सुभाष धीमान का कहना है कि यह वीडियो वीरवार को स्थानीय पंचायत घर के पास छुट्टी के बाद की है। उन्हें इस मामले का पता शनिवार सुबह चला। दोनों स्कूल के दसवीं कक्षा के छात्र हैं। स्कूल प्रबंधन के पास पीड़ित तथा आरोपी छात्र के अभिभावक शनिवार को आए थे। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन रविवार को ही स्कूल कार्यालय पहुंचा और अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की। अनुशासन कमेटी की जांच के बाद अगर सहमति बनी तो इस बारे में पुलिस को सूचना दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों को भी बच्चों को प्रेरणास्पद गतिविधियों में जोड़ने तथा मार्गदर्शन करने का आग्रह किया है।