टौणीदेवी (हमीरपुर)। बमसन टौणीदेवी के पटवार एवं कानूनगो संघ का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को संघ के प्रधान राकेश कुमार की अध्यक्षता में तहसीलदार बमसन टौणीदेवी डॉ. आशीष शर्मा से अपनी समस्याओं के संदर्भ में मिला। संघ के पदाधिकारियों ने तहसीलदार बमसन के माध्यम से उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपा। संघ के प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि पटवारी और कानूनगो का सेवा कैडर जिला स्तर का है। उन्होंने कहा कि जिले में तैनात प्रत्येक पटवारी और कानूनगो की वरिष्ठता सूची जिला स्तर पर ही बनाई जाती है और पटवारी से कानूनगो की पदोन्नति के बाद संबंधित जिले में ही भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के आधार पर तैनाती होती है।
उन्होंने एतराज जताया कि जिला मंडी के पटवारी पदोन्नति के बाद अगर हमीरपुर जिले में सेवाएं देंगे तो इसका सीधा असर जिला भर के पटवारी और कानूनगो की वरिष्ठता सूची पर पड़ेगा। इससे जिलाभर के पटवारी और कानूनगो के साथ अन्याय होगा। अगर आंकड़े देखे जाएं तो बिलासपुर जिला की वरिष्ठता सूची के अनुसार 1992-93, 1996-97 बैच के पटवारी कानूनगो के पद पर प्रमोट होने के बाद नायब तहसीलदार और तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। जबकि, हमीरपुर जिले की बात की जाए तो 1988-90 बैच के पटवारी अभी भी कानूनगो के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला हमीरपुर में सेवाएं दे रहे 2014-15 के पटवारी पदोन्नति के लिए विभागीय परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। संघ के सदस्यों ने जिला मंडी के पटवारी जो प्रमोट होकर कानूनगो बने हैं, उनका हमीरपुर जिला में तैनाती पर कड़ा एतराज जताया है। इस मौके पर संघ के प्रधान राकेश, उप प्रधान अजय कुमार ,सचिव आशीष कौशल, महासचिव सतपाल, कोषाध्यक्ष जगजीत, मीडिया सलाहकार रवि, मुकेश और सोनू समेत अन्य मौजूद रहे।