राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में युवा उत्सव के दौरान प्रस्तुति देते प्रतिभागी। स्रोत : संस्थान
हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में आयोजित अंतर महाविद्यालय युवा उत्सव ग्रुप-दो (संगीत) के तीसरे दिन सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि संगीत मंच पर आने का साहस करना ही सबसे बड़ी जीत होती है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने बताया कि उत्सव के दौरान पाश्चात्य एकल गायन और पाश्चात्य एकल वाद्य संगीत प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुशासन सीखने और विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर प्रदान करते हैं।
आयोजन सचिव डॉ. पूनम शर्मा ने बताया कि उत्सव में प्रदेश के करीब 42 महाविद्यालयों के लगभग 500 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। 16 अक्तूबर को भारतीय समूह गीत और पाश्चात्य समूह गीत की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 17 अक्तूबर को लोक ऑर्केस्ट्रा प्रतियोगिता के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।