कापियां सस्ती अन्य स्टेशनरी का सामान हुआ महंगा
10 से 20 रुपये के सामान में पांच से दस फीसदी की वृद्धि
पेंसिल,रबर, कलर,स्कूल बैग में चुकानी पड़ रही अधिक कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हमीरपुर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले ही स्टेशनरी के दामों में 5 से 10 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है। इसका सीधा असर अभिभावकों की जेब पर पड़ रहा है। पेंसिल, रबर, लेटर कलर, स्कूल बैग, स्केच पेन और पेंसिल बॉक्स जैसी जरूरी वस्तुएं अब पिछले साल की तुलना में महंगी हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, 10 से 20 रुपये तक मिलने वाले छोटे सामान की कीमतों में भी 5 से 10 फीसदी तक की वृद्धि हुई है। हालांकि जीएसटी स्लैब में बदलाव के चलते कॉपी-किताबों के दामों में 10 से 20 रुपये तक की कमी आई है, लेकिन स्टेशनरी की महंगाई ने इस राहत को काफी हद तक खत्म कर दिया है।
पहले 60 से 80 रुपये में मिलने वाले स्टेशनरी बॉक्स अब 80 से 100 रुपये तक पहुंच गए हैं। वहीं, स्कूल बैग की कीमतों में भी बड़ा उछाल देखा गया है। पिछले वर्ष 400 से 600 रुपये में मिलने वाले बैग अब 800 से 1000 रुपये तक बिक रहे हैं।
स्टेशनरी खरीदने पहुंचे अभिभावकों सुनीता, अभिषेक, रमेश और प्रदीप का कहना है कि हर साल बढ़ती कीमतें उनकी परेशानी बढ़ा रही हैं। उनका कहना है कि इस बार कॉपी-किताबों के दाम कम हुए हैं, लेकिन स्टेशनरी के महंगे होने से कुल खर्च पहले से ज्यादा हो गया है। अभिभावकों का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत में ही बजट पर भारी दबाव पड़ रहा है।
बाक्स:
दाम
इस वर्ष
गत वर्ष
स्केच पेन
70
50
बड़ा रबर
20
15
जमैटरी बॉक्स
200
150
कलर बॉक्स
100
80
स्कूल बैग
800
600