हमीरपुर। जिले के तीन स्कूलों में वीरवार से छात्राओं के राज्य स्तरीय कोचिंग प्रशिक्षण शिविर शुरू होंगे। इन शिविरों में खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण देकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
राजकीय उच्च पाठशाला मझेली, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौना करौर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परोल में छात्राएं हॉकी, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस और ताइक्वांडो का प्रशिक्षण लेंगी।
तीनों स्कूलों में प्रशिक्षण लेने के बाद छात्राएं मंडी जिले के हाटगढ़ में 26 से 28 अक्तूबर तक प्रस्तावित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। शिविरों में खिलाड़ियों की खेल तकनीक और प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
वहीं, छात्र वर्ग का प्रशिक्षण शिविर 24 से 26 अक्तूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहनवीं में आयोजित किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों को वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और टेबल टेनिस का प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्र वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता सिरमौर जिले के राजगढ़ में 28 से 30 अक्तूबर तक होगी।
कोट
शिविरों में खिलाड़ियों को खेलों की बारीकियां सिखाई जाएंगी, ताकि वे प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
-अश्वनी कुमार, सहायक प्रारंभिक खेल शिक्षा अधिकारी, हमीरपुर