बड़सर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कड़साई के गांव कलवाड़ा में बुधवार को लापता हुई सात वर्षीय नायरा की तलाश अब और तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और बच्ची के परिजनों से मुलाकात की।
एसपी ने मौके पर चल रहे सर्च ऑपरेशन का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्ची की तलाश में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सर्च ऑपरेशन में अतिरिक्त मैनपावर बढ़ाई जाएगी, ताकि जल्द से जल्द बच्ची का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि नायरा अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों के अनुसार बच्ची घर के आसपास खेल रही थी, लेकिन कुछ ही देर में वह नजरों से ओझल हो गई।
घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ, क्राइम रिपोर्ट रिफॉर्मर ऑर्गेनाइजेशन और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही हैं। ड्रोन की मदद से आसपास के जंगलों, खड्डों और दुर्गम इलाकों में भी तलाश की गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
कोट
मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस की प्राथमिकता बच्ची को सुरक्षित ढूंढ निकालना है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
-बलवीर सिंह एसपी हमीरपुर