संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर/ योल (कांगड़ा)। शाहपुर की ठारू पंचायत के गांव भटेच्छ में आयोजित छिंज की बड़ी माली सोनू लंबा नाल के नाम रही। मेला कमेटी अध्यक्ष पंकज धीमान बताया कि छिंज में उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विजेता पहलवानों को माली की राशि देकर पुरस्कृत किया।
मेला कमेटी अध्यक्ष ने बताया कि छोटी माली के अंतिम मुकाबले में आकाश पखोबाल ने लकी हाड़ा को हराकर खिताब अपने नाम किया। बड़ी माली में सोनू लंबा नाल विजेता तथा अंकु हाड़ा उप विजेता रहे। बड़ी माली के विजेता को 45,000 और छोटी माली के विजेता को 30,000 की राशि दी गई।
वहीं, योल बाजार में पारंपरिक वैशाखी मेले में उत्साह और रौनक देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों की थाप पर डोलियां पूरे क्षेत्र में घूमती रहीं। हर वर्ष की तरह इस बार भी दंगल प्रतियोगिता बाबली मेला ग्राउंड में हुई। जहां पहलवानों ने अपने दमखम और दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य मुकाबले में हिमाचल केसरी रजत पहलवान (कांगड़ा) ने मलकियत सिंह अजनाला को हराकर खिताब अपने नाम किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मेला कमेटी ने विजेता को 11 हजार रुपये तथा उपविजेता को 9 हजार रुपये की नकद राशि इनाम स्वरूप प्रदान की गई।