ढगो में आरोपी ने नाले में गिराया ट्राला और मौके पर पहुंची पुलिस। स्रोत : संवाद
- फोटो : संवाद
गलोड़ (हमीरपुर)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत ढगो गांव में एक व्यक्ति ने रात को ससुराल में आकर खूब हगांमा किया। इस दौरान जमाई ने पत्नी और ससुराल पक्ष से बहसबाजी की और गुस्से में घर से निकलकर करीब 150 फीट गहरे नाले में ट्राला जीप को गिरा दिया।
गनीमत रही कि ट्राला चील के पेड़ों से टकराकर रुक गया। घटना रात करीब एक बजे की है। आरोपी पूर्व सैनिक है, जो कि अब जीप चलाता है। ढगो निवासी रोशन लाल का जमाई गांव कोटला कलां, जिला ऊना का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार रोशन लाल की बेटी और जमाई के बीच विवाद चला रहा था। तंग आकर बेटी मायके घर आ गई।
आरोपी पूर्व सैनिक है और अपनी पत्नी को अपने साथ घर ले जाने की जिद्द कर रहा था। आरोप है कि वह हर किसी को धमका रहा था, जिस कारण आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान आरोपी जमाई ने घर का सामान भी तोड़ दिया। गांव के लोगों के अनुसार जमाई ने तैश में आकर ट्राला जीप को नाले से गिराने की बाते कही और 150 फीट गहरे नाले में गाड़ी को गिरा दिया। इससे चारों ओर चीखोपुकार मच गई। गनीमत रही कि ट्राला जीप कुछ ही दूरी पर चील के पेड़ों से टकरा गया। लोगों ने व्यक्ति को जीप से बाहर निकाला और गलोड़ पुलिस को सूचना दी।
गलोड़ पुलिस चौकी प्रभारी शशिकांत अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार के बयान दर्ज किए और आरोपी को पुलिस चौकी में लाया गया है। आशंका है कि व्यक्ति ने शराब पी थी। वहीं, एसपी भगत सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में आया है। व्यक्ति का गलोड़ अस्पताल में मेडिकल करवाकर जांच की जा रही है।
ढगो में आरोपी ने नाले में गिराया ट्राला और मौके पर पहुंची पुलिस। स्रोत : संवाद- फोटो : संवाद