भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महल में वीरवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शिरकत की।
सबसे पहले क्षेत्र के समाजसेवी पंडित चेत राम को याद किया तथा स्कूल के लिए भूमि दान देने और उनके राजनीतिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट सराहनीय रही।
उन्होंने स्कूल के 60 लाख के प्राक्कलन को पूरा करने का आश्वासन दिया। कहा कि स्कूल को सोलर पैनल प्राथमिकता से लगाया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा भवन, प्रयोगशाला भवन पर छत और शौचालय का निर्माण किया जाएगा। विधायक सुरेश कुमार ने मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। विधायक ने सांस्कृतिक गतिविधियों को विकसित करने के प्राथमिक व वरिष्ठ स्कूल को 21-21 हजार देने की घोषणा की तथा स्कूल की मांगों को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया। इससे पहले प्रधानाचार्य सीमा डोगरा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम में कृषि सहकारी बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, पूर्व अध्यक्ष राजीव लाल मैहर, जिला महासचिव चमन शर्मा, तरुण बन्याल, सोशल मीडिया प्रभारी चंदन ठाकुर, युकां अध्यक्ष राकेश गोल्डी, कैहरवीं पंचायत के उपप्रधान राजकुमार, संजय राणा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष मेहर चंद पटियाल, उपप्रधानाचार्य विनोद कुमार और अन्य उपस्थित रहे।