त्रिलोकी नाथ गोधाम में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया
गोधाम में लगेगा गोबर से ईंधन बनाने का प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। त्रिलोकी नाथ गोधाम दख्योड़ा में मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे के साथ गोशाला में माता की चौकी भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में तहसीलदार बिझड़ी संदीप चंदेल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के शुभारंभ पर गोपूजन किया। सबसे पहले उन्होंने हवन यज्ञ में आहुतियां डालीं। कार्यक्रम में सहायक अभियंता विजय पटेल, पवन शर्मा, कमलेश ठाकुर, गोशाला के प्रधान केहर सिंह, डॉ. दलजीत राणा व अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दानी सज्जन भानू प्रताप सिंह ने गोशाला में गोबर से ईंधन बनाने का प्लांट लगाने की भी घोषणा की। इस दौरान भजन गायकों ने छोटी-छोटी गइयां छोटे-छोटे ग्वाल, भक्ता कर रस्ते नू साफ, अज मेरी गो माता ने आना इत्यादि भक्ति गानों ने समां बांधा। इस दौरान पुलिस चौकी बिझड़ी के प्रभारी अनिल कुमार ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और लोगों से नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। कहा कि दो-तीन वर्ष पूर्व गोशाला बिल्कुल खस्ताहाल थी। आज यह एक भव्य गोधाम बन गया है और एक से एक बढ़कर कार्यक्रम यहां पर हो रहे हैं। गोशाला में 20 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। चहारदीवारी, 600 क्विंटल की क्षमता वाले तूड़ी के शेड का निर्माण, सभी पशुओं के लिए अलग-अलग पंखे की व्यवस्था की हुई है। इस सीजन में अब तक पशुओं के लिए हरे चारे की आठ गाड़ियां भी होशियारपुर से पहुंच चुकी हैं।