भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत बस्सी से तताहर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य लोगों के लिए राहत की बजाय परेशानी का सबब बन गया है। पिछले पांच महीनों से इस सड़क का निर्माण एफडीआर तकनीक से किया जा रहा है। लेकिन कार्य की धीमी गति ने स्थानीय निवासियों, वाहन चालकों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस मार्ग से गुजरना लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बाजार क्षेत्र से लेकर रिहायशी इलाकों तक निर्माण कार्य से उड़ रही धूल लोगों की सेहत के लिए खतरा बन चुकी है। दुकानों में रखा सामान लगातार धूल से प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी का छिड़काव न किए जाने से धूल का स्तर बहुत अधिक बढ़ गया है। दुकानदारों ने बताया कि सड़क की हालत और धूल की वजह से ग्राहक बाजार आने से कतराने लगे हैं। इससे व्यापार में गिरावट देखने को मिल रही है। भरेड़ी बाजार से हमीरपुर जाने वाली सड़क पर एक-दो जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनसे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। पिछले कुछ दिनों में कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, जिनमें कुछ लोगों को चोटें आई हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाए।
-विभाग को गड्ढों की जानकारी है। जल्द ही इन्हें भरने का कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्य को तेज गति से किया जा रहा है।-प्रवीण कुमार, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग भोरंज