भराडता में भारी बारिश से गिरा स्लेटपोश मकान। संवाद
धनेटा(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत ग्वालपत्थर पंचायत के भराडता गांव में भारी बारिश के कारण स्लेटपोश मकान और पशुशाला जमींदोज हो गए। पीड़ित गुरवचन सिंह और कृष्ण कुमार ने बताया कि हादसे के समय पूरा परिवार गांव में ही रिश्तेदारी में एक अन्य मकान में ठहरा हुआ था। घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। प्रशासन की ओर से एसडीएम नादौन राकेश शर्मा, नायब तहसीलदार वेद प्रकाश ठाकुर, कानूनगो सुरेश चंद और हल्का पटवारी ग्वालपत्थर विकास पटियाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 10-10 हजार रुपये नकद और तिरपाल भी उपलब्ध करवाए। संवाद