गरसाहड़ में आग की भेंट चढ़ी गोशाला। स्रोत: जागरूक पाठक
भरेड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत गरसाहड़ पंचायत में बुधवार दोपहर को स्लेटपोश गोशाला जलकर राख हो गई। वहीं, गोशाला में बंधी एक भैंस आग की लपटों से झुलस गई।
इस अग्निकांड में परिवार को 1.50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं, आग से गोशाला के अंदर रखा चारे समेत खेतीबाड़ी का सारा सामान भी नष्ट हो गया। पीड़ित मनोज कुमार उर्फ रिंकू पुत्र संसार चंद निवासी गरसाहड़ ने कहा कि वह दोपहर के समय परिवार के सदस्यों के साथ किसी कार्य के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।
वहीं, दोपहर 02:00 बजे के करीब जब गोशाला से आग की लपटें दिखाई दीं तो पड़ोसियों ने उन्हें और दमकल विभाग को सूचित किया। वहीं, पड़ोसी स्वयं आग बुझाने में जुट गए, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने तक गोशाला पूरी तरह से जल चुकी थी। प्रशासन की ओर से गरसाहड़ पंचायत के उपप्रधान विकास शर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक आंकलन के अनुसार आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से त्वरित मुआवजा दिया जाए। अभी तक आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।