नादौन के डगोह में बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ स्लेटपोश मकान का एक भाग ।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन की ग्राम पंचायत झलाण के डगोह गांव में वीरवार रात को बारिश से दो कमरों के स्लेटपोश मकान का एक भाग क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय यह परिवार रसोईघर में खाना खाने में व्यस्त था। इससे जानी नुकसान होने से बचाव हो गया है।
ग्राम पंचायत झलाण की प्रधान अमिता ठाकुर ने कहा मदन लाल पुत्र हरनाम सिंह का परिवार बीपीएल श्रेणी में आता है। वहीं, बरसात के मौसम में मकान गिरने से परिवार के सदस्यों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनसे सिर ढकने के लिए छत का सहारा भी छिन गया है।
पीड़ित परिवार का मुखिया बीमारी से ग्रस्त है। परिवार बड़ी मुश्किल से अपना गुजारा कर रहा है। वहीं प्राकृतिक आपदा के बाद परिवार के सदस्य सदमे में हैं। एक कमरे की दोनों दीवारें गिर चुकी हैं और दूसरे कमरे में भी दरारें आ गई हैं, जो कभी भी गिर सकता है। पंचायत प्रधान और स्थानीय लोगों ने सरकार से पीड़ित परिवार को प्राकृतिक आपदा राहत कोष से अधिक से अधिक आर्थिक सहायता देने की मांग की है। इस संदर्भ में नायब तहसीलदार संजीव प्रभाकर का कहना है कि मदन लाल के परिवार को 50 हजार रुपये की फौरी राहत दे दी गई है। हल्का पटवारी को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए गए हैं, ताकि आगे की कार्रवाई करके परिवार को राहत प्रदान की जा सके।