बास्केटबाल प्रतियोगिता में आर्मी की टीमों सहित क्षेत्र की प्रमुख 16 टीमों ने लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर के खेल मैदान में स्व. सुनील कुमार की याद में हुई तीन दिवसीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें एसजेबी कैहरवीं की टीम विजेता और मैक-25 आर्मी फिरोजपुर की टीम उपविजेता बनी है। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मैच मैक-25 आर्मी फिरोजपुर की टीम और एसजेबी कैहरवीं की टीम के बीच खेला गया। हालांकि, शुरुआती दौर में मैक-25 आर्मी फिरोजपुर की टीम एसजेबी कैहरवीं के खिलाड़ियों के आगे चल रही थी लेकिन बाद में कैंहरवीं के खिलाड़ियों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी पकड़ को मजबूत बना लिया। मैच के अंतिम तीन मिनट तक कैहरवीं की टीम 76-54 अंक के साथ आगे थी, लेकिन मैच के अंत तक कैहरवीं की टीम ने अच्छे खेल का प्रदर्शन करते हुए 81-66 से प्रतियोगिता को अपने नाम किया। तीन दिवसीय इस बास्केटबाल प्रतियोगिता का सफल आयोजन हिम गौरव फाउंडेशन एवं वेलफेयर सोसायटी ने किया है। सोसायटी के सदस्यों ने विजेता बनी एसजेबी कैहरवीं की टीम को ट्रॉफी और 21 हजार रुपये की नकद राशि व उप विजेता टीम मैक 25 आर्मी फिरोजपुर की टीम को 15 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। एसजेबी कैहरवीं के खिलाड़ी जीवन कुमार और काका को बेस्ट शूटर व मैक 25 आर्मी के खिलाड़ी अभिषेक को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के कार्यक्रम में हिम गौरव फाउंडेशन एवं वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य संदेश ठाकुर, कृष्ण कुमार, राकेश कुमार, भुट्टो, गोगी, नवीन, प्रवीण मौंटी, आशु बलजिंद्र व अन्य उपस्थित रहे।