हमीरपुर। कुठेड़ा में स्वास्थ्य खंड टौणी देवी के अंतर्गत 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान को लेकर खंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीएमओ टौणी देवी डॉ. रमेश रत्तू ने की।
बैठक में अभियान की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वास्थ्य खंड में लगभग 6 हजार बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पूरे क्षेत्र में 54 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई बच्चा बूथ पर दवा लेने से वंचित रह जाता है, तो अगले दिन घर-घर जाकर उसे दवा पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से बाहर न रहे।
बैठक में पल्स पोलियो अभियान के साथ-साथ क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन कार्यक्रम और गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की रोकथाम को लेकर भी चर्चा की गई तथा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।