हमीरपुर। जिला हमीरपुर में शनिवार को यहां 20 मरीजों ने कोरोना को मात दी है वहीं छह नए मामले भी सामने आए हैं। दिल्ली से लौटे पति-पत्नी समेत छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से चार बाहरी राज्यों से हमीरपुर लौटे हैं। 48 वर्षीय पुरुष और 42 वर्षीय महिला हमीरपुर के खग्गल गांव के रहने वाले हैं और दिल्ली से लौटे हैं। दोनों ही नेरी में संस्थागत क्वारंटीन थे। तीसरा आंध्र प्रदेश से लौटा कोरोना संक्रमित 63 वर्षीय व्यक्ति कांगू का रहने वाला है और वह गृह संगरोध में था। दिल्ली से लौटा उपमंडल बड़सर के गांव दांदडू का रहने वाला 58 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित निकला है, वह भी संस्थागत संगरोध में था। मुुंबई से लौटा 62 वर्षीय उपमंडल नादौन के पनसाई का रहने वाला कोरोना संक्रमित गृह संगरोध, जबकि जालंधर से लौटा 27 वर्षीय युवक गांव तरेटी का रहने वाला था और संस्थागत क्वारंटीन था।
जिले में इन छह नए मामलों के साथ कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 107 पहुंच गया है। जिला प्रशासन ने छह नए कोरोना संक्रमितों को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया है। उधर, उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा ने कहा कि शनिवार शाम को कोरोना संक्रमितों के छह नए मामले सामने आए हैं। सभी को कोविड-19 केयर सेंटर शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही इनके प्राथमिक संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।