हमीरपुर। अब हिमाचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद मोबाइल पर एक क्लिक करते ही लोगों के घर तक पहुंचेगा। सिड्डू, पतरोड़े, बबरू, भल्ले, कचौरी और अन्य हिमाचली व्यंजन जल्द ही ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
भारतकेयर्स एनजीओ के ऊंची उड़ान कार्यक्रम के तहत 100 महिला उद्यमियों की दुकानों और उत्पादन केंद्रों को गूगल मैप से जोड़ दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं को ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
इस पहल से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और स्थानीय व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। वहीं, घर से दूर रहने वाले लोग भी मोबाइल के माध्यम से हिमाचली पारंपरिक पकवानों का स्वाद अपने घर तक मंगा सकेंगे।
कार्यक्रम के तहत महिला उद्यमियों को डिजिटल कारोबार से जोड़ा जा रहा है। अब वे अपने घर या उत्पादन केंद्र से ही ऑनलाइन ऑर्डर प्राप्त कर सकेंगी, जिससे उन्हें स्थानीय बाजार तक सीमित रहने के बजाय अधिक ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
कोट
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके छोटे कारोबार को डिजिटल बनाने के लिए कार्य किया गया है। अब महिलाएं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर पारंपरिक पकवान बेच सकेंगी।
-अमित कुमार, परियोजना अधिकारी, भारतकेयर्स एनजीओ (ऊंची उड़ान कार्यक्रम)