बोहणी के शुभम पठानिया को भाजयुमो हमीरपुर की कमान
एबीवीपी में राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में रहे कैंपस सचिव
महिला और किसान मोर्चा में रिपीट हुए चेहरे, तीन मोर्चा में नए
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। भाजयुमो जिलाध्यक्ष पद पर शुभम पठानिया की ताजपोशी हुई है। जिलाध्यक्ष के पद के लिए कई नाम दौड़ में थे। एबीवीपी के कार्यकर्ता रहे शुभम पठानिया कुछ वर्षों से पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर सक्रिय थे। उन्हें पार्टी में पहला बड़ा दायित्व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के रूप में मिला है। 32 वर्षीय शुभम पठानिया भी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सन्नी शुक्ला की तरह हमीरपुर विस क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। वे विधायक सदर आशीष शर्मा के करीबी माने जाते है और उनके गृह क्षेत्र से ही ताल्लुक रखते हैं।
युवा मोर्चा में जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल शामा, रॉबिन ढटवालिया और दीक्षित गौतम के नाम भी शामिल थे लेकिन पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने शुभम पठानिया पर विश्वास जताया है।
पार्टी हाईकमान की ओर से युवा, महिला, किसान, एससी और ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। महिला मोर्चा में अर्चना चौहान और किसान मोर्चा में अनिल काकू पर पार्टी ने दोबारा विश्वास जताया है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले दोनों नेता दूसरी दफा मोर्चा के अध्यक्ष बने हैं। वहीं, एससी मोर्चा में बड़सर विस क्षेत्र के भोटा से ताल्लुक रखने वाले राजकुमार को कमान सौंपी गई है। इससे पहले राजेश सहगल के पास यह पद था। अब राजेश सहगल को जिला भाजपा में पदभार मिला है। वहीं, ओबीसी मोर्चा में भोरंज के संजय कुमार को जिलाध्यक्ष का दायित्व मिला है। इससे पहले यह दायित्व नादौन विधानसभा से ताल्लुक रखने वाले जिला परिषद सदस्य आशीष डोगरा के पास था। मोर्चों की राजनीति में नादौन विधानसभा क्षेत्र को तरजीह नहीं मिला है। हर विधानसभा क्षेत्र से मोर्चा को जिलाध्यक्ष मिला है लेकिन नादौन खाली रह गया है। दो मोर्चा में चेहरे रिपीट हुए है जबकि तीन मोर्चा में इस बार जिला में नए चेहरे मिले है।
युवा मोर्चा- शुभम पठानिया- (हमीरपुर)
महिला मोर्चा – अर्चना चौहान (सुजानपुर)
किसान मोर्चा – अनिल काकू (सुजानपुर)
एससी मोर्चा – राजकुमार ( बड़सर विस)
ओबीसी मोर्चा – संजय कुमार (भोरंज)
उपचुनाव में हुई उथल-पुथल का दिखा असर
जिला भाजपा, मंडल अध्यक्ष से लेकर अब मोर्चों की राजनीति में उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा में हुई सियासी उथल-पुथल का असर देखने का मिला रहा है। एक बार फिर मोर्चों की राजनीति यह देखने को मिला है। कुला मिलाकर जिला में पार्टी में बूथ से लेकर जिलाध्यक्ष तक नई सियासी सेना तैयार हो गई है।
कोट
शीर्ष नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा। हर युवा को पार्टी से जोड़ने का प्रयास रहेगा। नियुक्ति के लिए अध्यक्ष राजीव बिंदल प्रदेश महामंत्री राज्यसभा सांसद सिकंदर कुमार, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ला, जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक सदर आशीष शर्मा का आभारी हूं। -शुभम पठानिया, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो