show cause notice to nit ex director
हमीरपुर। एनआईटी के निदेशक के बर्खास्त होने के बाद अब संस्थान में नंबर दो की पॉजिशन पर बैठने वाले पूर्व रजिस्ट्रार और एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार पर भी कार्रवाई की तलवार लटक गई है। भर्ती मामले से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं और रिकॉर्ड सार्वजनिक करने पर संस्थान प्रबंधन ने दोनों पूर्व अधिकारियों को मंगलवार को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। संस्थान प्रबंधन ने एक सप्ताह के भीतर दोनों अधिकारियों को अपना पक्ष रखने के आदेश जारी किए हैं।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर ठोस कार्रवाई अमल में लाने की तैयारी चल रही है। 9 मार्च को एनआईटी हमीरपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर की बैठक है लेकिन, इस बैठक से पूर्व नोटिस जारी होने से संस्थान के भीतर की राजनीति काफी गर्मा गई है। इससे पूर्व संस्थान ने बीते सप्ताह ही भर्ती गड़बड़ी मामले से जुड़े 22 अधिकारियों को भी नोटिस जारी किया था। जिसमें से अधिकतर के जवाब मिल गए हैं। अब संस्थान के दो बड़े अधिकारियों को नोटिस भेजने से संस्थान में हड़कंप मच गया है।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिक संस्थान हमीरपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में धांधली का मामला धीरे-धीरे अंजाम तक पहुंच रहा है। मंगलवार को एनआईटी प्रशासन ने भर्ती मामले से जुड़े रजिस्ट्रार और एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार को नोटिस थमाने के बाद शाम को इस बारे में चर्चा शुरू हो गई है।
उधर, एनआईटी के रजिस्ट्रार प्रो. योगेश गुप्ता ने कहा कि संस्थान के पूर्व रजिस्ट्रार और एक असिस्टेंट रजिस्ट्रार को नोटिस जारी किया गया है।