नादौन की बेहरड़ पंचायत में गोशाला निर्माण में लापरवाही बरतने का मामला
अधिकारी पर अनुचित दबाव बनाने की शिकायत भी नादौन पुलिस को दी
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत बेहरड़ के प्रधान को मानकों के तहत गोशाला का निर्माण न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले में विभाग की ओर नादौन पुलिस को लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करने और कर्मचारियों पर बेवजह दबाव बनाने की शिकायत भी दी गई है। मामले में विभागीय अधिकारियों की ओर से पंचायत प्रधान को इससे पहले भी मानकों के तहत कार्य करने की हिदायत दी गई थी लेकिन सुधार न होने पर अब कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
बेहरड़ पंचायत में पूर्व जिला परिषद सदस्य बलवीर की ओर से संचालित गोशाला का निर्माण कार्य किया जा रहा है। यहां पर निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान विभाग के कनिष्ठ अभियंता की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों को चेताया गया था। इस बारे में बीडीओ कार्यालय में कनिष्ठ अभियंता की ओर से रिपोर्ट दी गई। इस मामले में पंचायत प्रधान यशपाल शर्मा को कार्य में सुधार के लिए चेताया गया था। जब सुधार नहीं हुआ तो फिर विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस मामले में कनिष्ठ अभियंता पर दबाव बनाने के आरोप में बीडीओ कार्यालय की ओर से दो लोगों के खिलाफ पुलिस थाना नादौन को शिकायत सौंपी गई है।
खंड विकास अधिकारी नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि अन्य पंचायत में भी ऐसा करने वालों को सबक मिल सके। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान को भी नोटिस जारी किया गया है। मामले में पुलिस को दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई।
पंचायत प्रधान बेहरड़ यशपाल शर्मा ने कहा कि उन्हें कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस में दी गई शिकायत की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। निर्माण कार्य में बेहतर सामग्री का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि शटरिंग जरूर लकड़ी की लगाई गई थी जिसे लेकर अधिकारियों ने उन्हें हिदायत दी थी कि मानकों के अनुरूप शटरिंग का प्रयोग किया जाए।