प्रशासन के निर्देशों के बावजूद रविवार को खुली जूस की दुकान को बंद करवाती पुलिस टीम।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने होली पर्व के चलते दो दिन तक जिले के सभी बाजार बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान मात्र आवश्यक चीजों की दुकानें खुली रहेंगी। बावजूद इसके रविवार को जिला मुख्यालय सहित आसपास के बाजारों में कुछ दुकानें खुली पाई गईं। प्रशासनिक निर्देशों की अनुपालना को सुनिश्चित करवाने के लिए अतिरिक्त थाना प्रभारी सदर धर्म सिंह की अध्यक्षता में पुलिस दल ने हमीरपुर शहर का दौरा किया।
इस दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों ने प्रशासनिक निर्देशों की अवहेलना करते हुए दुकानें खोली हैं। इन दुकानदारों को हिदायत देकर छोड़ा गया तथा दुकानें बंद करने के लिए कहा गया। इसके अलावा हमीरपुर पुलिस की टीम ने पक्का भरो, अणु, दोसड़का आदि बाजारों का भी निरीक्षण किया। नियमों के विपरीत दुकानें खोलने वाले दुकानदारों को निर्देशों की पालना करने की हिदायत देकर छोड़ा गया। वहीं, सदर पुलिस ने रविवार को जिला मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में दबिश देकर बिना मास्क घूम रहे 18 लोगों के चालान भी किए हैं। थाना प्रभारी धर्म चंद का कहना है कि गैर जरूरी सामान की जो दुकानें खुलीं थी, उन्हें हिदायत देकर बंद करवाया गया। बिना मास्क घूम रहे 18 लोगों के चालान किए हैं।