मेला प्रशासन ने होली मेले में दुकानदारों को 25 अप्रैल तक दिया था समय
स्थानीय लोगों ने मेला प्रशासन से समस्या का समाधान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। राष्ट्र स्तरीय होली मेले की समय अवधि समाप्त होने के बाद भी सुजानपुर के चौगान में दुकानदार दुकानें सजा रहे हैं। मेला प्रशासन की ओर से दुकानदारों को 25 अप्रैल तक दुकानों को हटाने के निर्देश जारी किए थे ताकि मैदान की साफ सफाई कराई जा सके लेकिन अभी तक एक दर्जन से अधिक दुकानदारों ने दुकानें नहीं हटाई हैं। ऐसे में स्थानीय लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मार्च के अंतिम सप्ताह में सुजानपुर के चौगान में राष्ट्र स्तरीय होली मेला शुरू हुआ था। एक माह तक मेले में दुकानें करने के बाद भी अभी तक मेले में आए दुकानदारों ने अपना सामान नहीं हटाया है। ऐसे में मैदान में सैर करने और खेल अभ्यास करने आने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहरवासियों शिवम राणा, श्रेणिक रांगड़ा, सलोचना देवी, तृप्ता, नैरण सिंह, सुमन जैन आदि ने कहा कि वे प्रतिदिन शाम के समय मैदान में सैर करने आते हैं लेकिन दुकानों के कारण उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक माह तक मेले में आयोजित होने के बाद भी दुकानदार मैदान से दुकानें हटाने से आनाकानी कर रहे हैं, जो मेला कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस बारे में मेला अधिकारी एसडीएम सुजानपुर डॉ. रोहित शर्मा ने कहा कि मैदान से दुकानदारों को दुकानें हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। कमेटी की ओर से मैदान का निरीक्षण किया जाएगा ताकि दुकानों को हटवाया जा सके।