हमीरपुर। टाउन हाल हमीरपुर में पुलिस पब्लिक एसोसिएशन और व्यापार मंडल हमीरपुर की संयुक्त बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। जिसमें शहर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कोरोना संकट से निपटने के लिए रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हमीरपुर कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने भी शिरकत की। एसपी का पुष्प देकर स्वागत किया गया। बैठक में पुलिस पब्लिक एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश चंद, व्यापार मंडल हमीरपुर के अध्यक्ष अनिल सोनी और प्रेस सचिव सुमित ठाकुर ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त बनाने के लिए एजेंडा रखा।
जिसमें एसपी ने व्यापार मंडल को सुझाव दिया कि शहर में फिलहाल 40 सीसीटीवी स्थापित किए जाएं ताकि, सुरक्षा की दृष्टि से बाजार सुरक्षित हो सके। बैठक में चर्चा की गई कि आगामी दिनों में हमीरपुर में व्यापार मंडल भी पीपीए की तरह कोरोना बचाव के लिए जागरूकता अभियान शुरू करेगा। जिसमें व्यापार मंडल अपने स्तर पर लोगों को मास्क लगाने से लेकर सोशल डिस्टेंसिंग अपनाने के लिए जागरूक करेगा। बैठक में पुलिस पब्लिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजीव सिंह, महासचिव राजीव पुरी, कोषाध्यक्ष मुनीष, प्रेस सचिव जसवीर कुमार, अरविंद सिंह, मुन्ना वर्मा, जसवंत सिंह के अलावा व्यापार मंडल के पदाधिकारी विपिन शर्मा, सुशील सोनी, अश्वनी जगोता इत्यादि मौजूद रहे।