सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में रेहड़ी-फड़ी वाले स्थान पर पक्की दुकानों का निर्माण कार्य करने के लिए फिर से शिलान्यास करवाया जाएगा। इससे पहले भी 4 वर्ष पूर्व इस योजना का नींव पत्थर रखा गया था। जहां इस बार केंद्रीय वित्त एवं कारपोरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा शिलान्यास करवाने की योजना बन रही है तो वहीं 4 वर्ष पूर्व कांग्रेस कार्यकाल के समय वर्तमान विधायक राजेंद्र राणा द्वारा नींव पत्थर रखा गया था। करीब 4 वर्ष पहले कांग्रेस की सरकार थी। उस समय राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक राजेंद्र राणा द्वारा दुकानों का शिलान्यास किया गया था। लेकिन बजट का प्रावधान किए बिना योजना के सपने साकार नहीं हो पाए। जिस कारण वर्षों से रेहड़ी-फड़ी लगा रहे लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा था।
इस बार निर्माण कार्य को लेकर 61 लाख धनराशि स्वीकृत हो चुकी है जबकि 4 वर्ष पूर्व शिलान्यास के समय बजट का प्रावधान नहीं था। शिलान्यास के समय पूर्व में भाजपा के नुमाइंदे शामिल हुए थे, जबकि दोबारा होने वाले शिलान्यास को लेकर भाजपा के नुमाइंदे योजना बना रहे हैं। इस बार केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से शिलान्यास करवाया जाएगा। सुजानपुर में बस स्टैंड के पास वर्षों से रेहड़ी फड़ी वाले अपनी आजीविका कमा रहे हैं लेकिन धूप व बारिश के चलते उनके लिए ज्वलंत समस्या बनी हुई है। नगर परिषद के अध्यक्ष एवं स्ट्रीट वेंडर कमेटी के अध्यक्ष अशोक मेहरा ने कहा कि पूर्व में बजट का प्रावधान न होने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयास से 61 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। अब शिलान्यास करवाया जाएगा। संवाद