हमीरपुर। बॉलीवुड के मशहूर गायक मोहित चौहान के साथ जिले के कल्लर गांव की निवासी शिल्पा सरोच ने भी अपनी आवाज दी है। सांझ फिल्म के निर्देशक अजय सकलानी के निर्देशन में बनाई गई गुगली गुम है.. फिल्म में शिल्पा सुरोच ने मोहित चौहान के साथ बेहतरीन काम कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इस फिल्म के गाने ओझल को शिल्पा सरोच ने लिखा है, जिसे मोहित चौहान ने अपनी आवाज दी है। जबकि, फिल्म के गाने आजादियां को शिल्पा सरोच ने मोहित चौहान के साथ मिलकर गाया है। इन गानों में सुकुमार दत्ता ने संगीत दिया है। फिल्म ओटीटी प्लेटफार्म पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म के साथ-साथ दर्शक इसके गानों को खूब पसंद कर रहे हैं।
शिल्पा सरोच जिला हमीरपुर के कल्लर गांव की रहने वाली हैं। इन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है, लेकिन गाने और लिखने के शौक ने इन्हें मुंबई पहुंचा दिया। जहां पर इन्होंने मेहनत कर कई वेब सीरीज और फिल्मों में अपनी आवाज दी है। मिर्जापुर वेब सीरीज का मुन्ना रैप भी इन्होंने ही गाया है। इसके अलावा प्रसिद्ध गायक मीका सिंह के साथ जय मम्मी दी फिल्म के गाने में अपनी आवाज दी है। कई रियलिटी शो के थीम गाने भी गा चुकी हैं।
शिल्पा के माता-पिता दिल्ली में व्यवसायी हैं। उधर, शिल्पा की इस उपलब्धि से कल्लर गांव और जिले के लोग गदगद हैं। शिल्पा सरोच ने कहा कि मोहित चौहान के साथ उन्हें गाने का मौका मिला। यह बेहतरीन अनुभव है। इनके लिखे गाने ओझल को प्रसिद्ध गायक मोहित चौहान ने अपने अंदाज में गाया है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।