हमीरपुर। शिक्षा महाकुंभ 6.0 का बैटन पासिंग समारोह एनआईटी हमीरपुर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। शिक्षा महाकुंभ की बैटन को औपचारिक रूप से एनआईपीईआर, मोहाली से एनआईटी हमीरपुर को सौंपा गया।
एनआईटी हमीरपुर शिक्षा महाकुंभ के छठे संस्करण की मेजबानी 2026 में करेगा, जिसकी तिथियां तय होना अभी बाकी है। इस महाकुंभ में देशभर के शैक्षणिक संस्थानों से हजारों विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इस समारोह के साथ, शिक्षा महाकुंभ 6.0 आधिकारिक रूप से एनआईटी हमीरपुर के नेतृत्व में आगे बढ़ता है, जो भविष्य की शिक्षा के लिए एक परिवर्तनकारी और सहयोगात्मक मंच निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है।
बैटन को एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. हीरालाल मुरलीधर सूर्यवंशी ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा महाकुंभ के छठे संस्करण के अंतर्गत वर्षभर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न प्रमुख संस्थानों ट्रिपल आईटी ऊना, एम्स बिलासपुर, आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर, भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान शिमला, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश तथा सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में अनेक कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
एनआईटी हमीरपुर की रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना संतोष ननोटी ने कहा कि ऐसे आयोजन शैक्षणिक नेटवर्क को सुदृढ़ करते हैं और सार्थक शैक्षिक परिणामों को प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम में एक डिजिटल डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई। विद्या भारती (उत्तर क्षेत्र) के संगठन मंत्री विजय नड्डा ने कहा कि शिक्षा महाकुंभ वह मंच है, जहां विचार क्रियान्वयन में परिवर्तित होते हैं। यह नीति-निर्माताओं, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों को जोड़कर अगले दशक की शिक्षा की नई दिशा निर्धारित करने में सहायक है।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों में सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी तथा विद्या भारती हिमाचल प्रदेश के संगठन मंत्री ज्ञान सिंह उपस्थित रहे।