जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन(हमीरपुर)। जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को शिवालिक बैडमिंटन अकादमी नादौन में हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सहायक जिला शारीरिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहकर खेलों में कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा खेल से शरीर का सर्वांगीण विकास होता है, ऐसे में खिलाड़ियों को खेलों में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। जिला बैडमिंटन संघ के महासचिव शम्मी सोनी ने दो दिवसीय प्रतियोगिता का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा प्रतियोगिता में जिलेभर से अंडर-13,अंडर-15, अंडर-17 आयु वर्ग के छात्र व छात्रा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान एकल, युगल और मिश्रित युगल वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी सात से नौ अक्तूबर तक ऊना में प्रस्तावित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में हमीरपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन छात्र अंडर-13 वर्ग के राउंड-16 के मुकाबलों में शौर्य चौहान, रैयान कौंडल,अर्श ठाकुर और दिव्यांश डोगरा ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल में सानिध्य कपूर का मुकाबला शौर्य चौहान से जबकि दिव्यांश डोगरा का मुकाबला अथर्व पटियाल से होगा। वहीं छात्रा वर्ग में क्वार्टर फाइनल में काजल का मुकाबला काव्या और सानवीं का मुकाबला पुष्टि से होगा। सेमीफाइनल में चंडिका का मुकाबला काजल से होगा। इस मौके पर रेफरी प्रदीप ठाकुर, दिवांश शर्मा, रणवीर सिंह, संजीव शामा,संजीव शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।