हमीरपुर। जिला के सात विद्यार्थी राज्य स्तरीय इंस्पायर मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन तीन जून को सोलन में होगा, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न जिलों के विद्यार्थी अपने नवाचार और मॉडल प्रस्तुत करेंगे।
प्रतियोगिता में बेहतर मॉडल प्रस्तुत करने वाले टॉप थ्री विद्यार्थियों का चयन राष्ट्र स्तर के लिए होगा। जिला स्तरीय प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन 21 अप्रैल को निजी स्कूल में किया गया था। चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विज्ञान, पर्यावरण, तकनीकी नवाचार एवं सामाजिक विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर बेहतर प्रदर्शन किया था।
निर्णायक मंडल ने उनकी रचनात्मकता,प्रस्तुति और विषय की उपयोगिता को देखते हुए राज्य स्तर के लिए चुना है। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद विद्यार्थियों को राष्ट्र स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
चयनित विद्यार्थियों में राजकीय माध्यमिक पाठशाला दरब्यार की छात्रा सेजल कुमारी, राजकीय उच्च पाठशाला लोहाखर की रंकिता रानी, डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर से शिवांश शर्मा, भगवती पब्लिक स्कूल जलाड़ी की छात्रा नैंनसी, धनेटा से वर्षा शर्मा, गौना करौर से अर्पण दत्त शर्मा, अप्पर हड़ेटा से अक्षु शर्मा शामिल हैं।
कोट
सात विद्यार्थी राज्य स्तरीय इंस्पायर मॉडल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। विद्यार्थी और गाइड शिक्षक मॉडल तैयार रखें, ताकि विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में किसी भी तरह की परेशानी न हो।
-राजेश गौतम, जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर