हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत ब्रहमणी गांव के वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। वृद्ध घर से चारा काटने के लिए गया था लेकिन, लोगों को वह खेत में अचेत अवस्था में मिला। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले आए, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। जहां कोरोना सैंपल रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम होगा।
जिला मुख्यालय के साथ लगते ब्रहमणी गांव का वृद्ध टीटू राम (70) पुत्र बिरजू राम मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे घर से खेतों की ओर घास काटने निकला लेकिन, जब काफी देर बाद वह घर नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की। लोगों ने उसे खेत में अचेत पाया। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को वृद्ध के पेड़ से चारा काटते हुए गिरने के बयान मिले हैं, लेकिन पुलिस को मृतक के शरीर पर कोई भी घाव नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई केवल सिंह ने कहा कि व्यक्ति के शरीर पर चोट के कोई भी निशान नहीं है। पेड़ से गिरने के कारण मौत बताई जा रही है, लेकिन मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।