हमीरपुर। दिवाली के समय फूड सेफ्टी विभाग की ओर से लिए गए मिठाइयों के सैंपलों में से चार की रिपोर्ट आ गई है। इनमें से रसगुल्ले का सैंपल फेल हो गया है। जबकि, तीन अन्य सैंपल सही हैं। रसगुल्ले में संबंधित दुकानदार ने मिठाई में रंग का प्रयोग किया था। जो निषेध है और सेहत के लिए हानिकारक है। इस कारण विभाग ने संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी कर दिया है। इस संबंध में विभाग न्यायालय में भी मामले को उठाएगा और दुकानदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शुक्रवार सुबह विभाग की टीम ने हमीरपुर में दूध और पनीर के सैंपल भरे हैं। बाहर से आने वाले दूध और पनीर की शिकायत पर विभागीय टीम ने सुबह दुकानों में जाकर दूध के चार और पनीर का एक सैंपल लिया है।
बीते सप्ताह ही विभाग की मोबाइल वैन में जांचे गए लोकल दूध में यूरिया निकला था। इससे अब जिले के लोग लोकल दूध पीने से भी कतरा रहे हैं और बाहरी दूध की भी जांच करवाने के लिए विभाग से शिकायत कर रहे हैं ताकि, दूध, दही और पनीर उन्हें शुद्ध उपलब्ध हो। विभाग ने पांचों सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया है। जैसे ही लैब से रिपोर्ट आएगी विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। अगर सैंपल फेल होते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी। असिस्टेंट कमिश्नर फूड एंड सेफ्टी हमीरपुर अरुण चौहान का कहना है कि रसगुल्ले का सैंपल फेल होने के बाद संबंधित दुकानदार को नोटिस जारी किया गया है। कोर्ट में यह मामला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बाहर से आने वाले दूध के चार और पनीर का एक सैंपल लेकर उसे जांच के लिए भेजा गया है।