नादौन ब्लाक की जीहण पंचायत में निर्विरोध चुनीं प्रधान सुमन देवी।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। विकास खंड नादौन की एक पंचायत की प्रधान और 116 वार्डों में पंच निर्विरोध चुने गए हैं। उपमंडल नादौन की नवनिर्मित जीहण पंचायत में लोगों ने प्रधान पद और दो वार्ड पंच निर्विरोध चुन कर नई मिसाल पेश की है। इसी तरह हड़ेटा पंचायत के सात वार्डों में से छह पंच निर्विरोध चुने गए हैं। जीहण पंचायत की प्रधान भौऊ गांव की सुमना देवी, वार्ड एक से पूजा देवी और वार्ड दो से वर्षा रानी को निर्विरोध वार्ड सदस्य चुना गया है।
इसी तरह भदरूं पंचायत में 5 में से 4 पंच निर्विरोध चुने गए हैं। इसके अलावा नादौन की 59 पंचायतों के लिए प्रधान पद के लिए 307 लोगों ने नामांकन भरा। जिनमें से 29 लोगों ने अपना नाम वापस ले लिया, जिसके कारण अब 278 प्रत्याशी मैदान में हैं। उप प्रधान पद के 397 आवेदकों में से 62 लोगों ने अपना नाम वापस ले लिया है और अब 335 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 721 लोगों ने पंच पद के लिए आवेदन किया था जिसमें से 50 लोगों ने अपना नाम वापस लिया है और अब 671 प्रत्याशी मैदान में हैं।