भोटा (हमीरपुर)। मंडी, ऊना, घुमारवीं, बिलासपुर और शिमला को जोड़ने वाला प्रमुख केंद्र भोटा आज सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा इंतज़ाम राम भरोसे चलते नजर आ रहे हैं।
शहर के मुख्य चौकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति के कारण चोरी, झगड़े और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो गया है। इससे न सिर्फ आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, बल्कि पुलिस जांच में भी बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं।
स्थानीय निवासियों का मानना है कि यदि प्रमुख चौकों, बस स्टैंड, बाजार और प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इससे संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी आसान होगी और किसी भी घटना के बाद जांच प्रक्रिया भी तेज और सटीक हो सकेगी।
बाजार क्षेत्र में पहले भी चोरी और संदिग्ध घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। वर्तमान समय में जहां छोटे-बड़े शहरों में सुरक्षा के लिए आधुनिक निगरानी प्रणाली अपनाई जा रही है। वहीं, भोटा जैसे व्यस्त कस्बे में यह सुविधा अब तक उपलब्ध नहीं है।
लोगों ने नगर पंचायत और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
-
शहर में सीसीटीवी लगना बहुत ही जरूरी हैं। शहर से लेकर मंदिर तक सीसीटीवी कैमरों की बहुत ही आवश्यकता है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए आज यह मुख्य मुद्दा है। शहर में पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
-डॉ. देशराज शर्मा, निवासी वार्ड नंबर सात, नगर पंचायत भोटा
अगर कोई घटना घटित होती है, तो दुकानदारों द्वारा लगाए गए कैमरों पर ही निर्भरता होती है। शहर और मुख्य चौकों पर सीसीटीवी लगाए जाना बहुत ही जरूरी हैं, ताकि संदिग्ध घूम रहे लोगों पर भी नजर रखी जा सके।
-अक्षय कुमार, निवासी वार्ड नंबर दो, नगर पंचायत भोटा
शहर में सीसीटीवी न होने के कारण चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल हो जाता है। रात के समय सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे ही होती है। सुरक्षा की दृष्टि से शहर के मुख्य प्रवेश स्थानों पर सीसीटीवी लगने जरूरी हैं।
-पवन कुमार, निवासी वार्ड नंबर चार, नगर पंचायत भोटा
वर्तमान समय में शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र होगा, जहां पर सीसीटीवी न लगाए गए हों। मगर भोटा केंद्र बिंदू होने के बाद भी सीसीटीवी जैसी सुविधाओं से वंचित है। प्रशासन को इस बारे में सोचना चाहिए और सीसीटीवी स्थापित किए जाने चाहिएं।
-चमन लाल, निवासी वार्ड नंबर सात, नगरपंचायत भोटा
कोट :
अभी सीसीटीवी कैमरों के लिए बजट नहीं है। जैसे ही बजट का प्रावधान होगा, तो भोटा शहर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए जाएंगे।
-पंकज धीमान, सचिव नगर पंचायत भोटा
अक्षय कुमार, वार्ड नंबर दो नगर पंचायत भोटा
अक्षय कुमार, वार्ड नंबर दो नगर पंचायत भोटा
अक्षय कुमार, वार्ड नंबर दो नगर पंचायत भोटा