नादौन (हमीरपुर)। क्रिकेट स्टेडियम अमतर नादौन के निकट ब्यास नदी के किनारे स्थित पंप हाउस के पास से तीन दिन लापता हुए युवक की तलाश तेज कर दी गई है। एनडीआरफ की टीम सोमवार को ब्यास नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बता दें कि युवक ने पंप के पास से पानी में छलांग लगा दी है। लापता 32 वर्ष मोहित कुमार पुत्र हरभजन सिंह निवासी गांव जवार, तहसील अंब, अमतर में माता-पिता के साथ किराए के कमरे में रहता था। पिता हरभजन सिंह सरकारी कर्मचारी हैं और नादौन के ही एक कार्यालय में कार्यरत हैं।
शनिवार रात के समय मोहित ने किसी बात को लेकर पहले अपने माता-पिता के साथ झगड़ा किया तथा आत्महत्या की धमकी देने लग गया। इसके बाद देर रात जब परिजन सो रहे थे तो वह अपनी बाइक पर सवार होकर पंप हाउस के पास पहुंचा। इससे थोड़ा पीछे ही उसने बाइक खड़ी की थी।
नदी के किनारे गीली रेत के ऊपर पैरों के निशान भी मिले हैं। उसका मोबाइल पास ही एक पत्थर पर रखा हुआ मिला है। ऐसे आशंका जताई जा रही है कि उसने पानी में छलांग लगा दी होगी। थाना प्रभारी नादौन बाबू राम शर्मा ने कहा कि युवक की तलाश की जा रही है। इसके लिए एनडीआरएफ की टीम युवक को ढूंढने का पूरा प्रयास कर रही है।