उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में आयोजित बैठक में उपस्थित प्रधानाचार्य एवं अन्य। संंस्थान
हमीरपुर। उच्चतर शिक्षा विभाग कार्यालय हमीरपुर में सोमवार को स्काउट एवं गाइड्स की जिला कार्यकारिणी बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उच्च शिक्षा उपनिदेशक अनिल कौशल ने की। उन्होंने कहा कि सह शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत स्काउटिंग और गाइडिंग कार्यक्रमों का अहम स्थान है। इनसे विद्यार्थियों में श्रमनिष्ठा, कर्तव्यनिष्ठा, स्वावलंबन और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों में स्काउट एंड गाइड गतिविधि का अनिवार्य रूप से संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों का सर्वे करवाया जाएगा एवं समीक्षा की जाएगी कि कौन-कौन से स्कूलों में स्काउटिंग गतिविधियां शुरू नहीं की गई है। इस दौरान जिला आयुक्त रजनीश रांगडा ने कहा कि स्काउट्स और गाइड्स बच्चों और किशोरों को रचनात्मक दिशा देने, उनके बीच समाज सेवा बढ़ाने और उन्हें देश सेवा के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गाइड कैप्टन का बेसिक कोर्स एवं तृतीय सोपान शिविर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू, जबकि स्काउट का शिविर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबोह में होगा। इसके साथ ही नौ मई को जिला के सभी स्कूलों के मुखियों को स्काउटिंग के प्रति जागरूक करने के लिए कांगू में एक दिवसीय शिविर होगा।
इसके अलावा जिला हमीरपुर के लिए पहले से ही चयनित नादौन विधानसभा क्षेत्र के प्लासी कड़रोला प्रशिक्षण केंद्र के लिए दोबारा फाइल खुलवाने का मुख्यमंत्री से आह्वान किया जाएगा, ताकि बच्चों को स्काउटिंग शिविर के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। बैैठक में नरेश, नरेंद्र, निशा, राजेश भाटिया, शकुंतला पटियाल, प्रवीण, मोनिका, कुसुम और मीना सहित सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।