जिलास्तर पर कमेटी करेगी स्कूलों का सर्वे
वर्तमान में जिले के महज 68 स्कूलों में ही है स्काउट गाइड कार्यक्रम
अब सभी स्कूलों में सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शैक्षणिक सत्र 2024-25 में जिले के सभी स्कूलों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियां आयोजित होंगी। जिला स्तर पर आयोजित बैठक में स्कूलों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। अब जिलास्तर पर कमेटी स्कूलों में सर्वे करेगी। इसके बाद स्कूलों में कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से किया जाएगा। वहीं, संसाधनों की उपलब्धता होने के बाद भी जो स्कूल कार्यक्रम संचालन में आनाकानी कर रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में जिले के महज 68 स्कूलों में स्काउट-गाइड कार्यक्रम संचालित हैं। स्कूलों में विद्यार्थी चाहकर भी इन गतिविधियों में शामिल नहीं हो पाते हैं। ऐसे में सभी स्कूलों में एक समान कार्यक्रम संचालन करने का निर्णय लिया गया है। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों में श्रमनिष्ठा, कर्तव्यनिष्ठा, स्वावलंबन और नेतृत्व की भावना को विकसित किया जाता है। स्काउटिंग-गाइडिंग के अंतर्गत विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करने का प्रयास किया जाता है। ऐसे में शिक्षा विभाग की ओर से जिला उपनिदेशकों को सभी स्कूलों में स्काउट-गाइड कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश मिले हैं ताकि सभी स्कूलों के विद्यार्थियों को स्काउट गाइड गतिविधियों के बारे में बताया जा सके। इस बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि जिलास्तर पर आयोजित बैठक में स्कूलों में स्काउट एवं गाइड गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। अब जिलास्तर पर आयोजित कमेटी स्कूलों में सर्वे करेगी।