हार्मोन बदलाव, मासिक धर्म, खानपान और स्वच्छता पर विशेषज्ञ देंगे जानकारी
सरकारी स्कूलों में लगेंगे स्वास्थ्य जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे विशेषज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। किशोरावस्था में शरीर में होने वाले बदलाव अब विद्यार्थियों के लिए अनजाने नहीं रहेंगे। जिले के सरकारी स्कूलों में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे और उन्हें किशोरावस्था से जुड़े शारीरिक बदलावों की वैज्ञानिक जानकारी देंगे।
शिविरों में हार्मोन में बदलाव, मासिक धर्म चक्र, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ विद्यार्थियों को बताएंगे कि इस उम्र में होने वाले शारीरिक बदलाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं।
छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और खानपान के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों को भोजन में दाल, हरी सब्जियां, फल, दूध और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही जंक फूड के अधिक सेवन से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जाएगी। शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों को किशोरावस्था और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाना है।
कोट
स्कूल प्रमुखों को विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि उन्हें स्कूल स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।
-देशराज डोगरा, उपनिदेशक, उच्च शिक्षा विभाग हमीरपुर