हमीरपुर। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लखपति दीदी योजना के तहत जिले के छह विकास खंडों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। दिसंबर में प्रस्तावित इन शिविरों का आयोजन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के माध्यम से किया जाएगा।
शिविरों में संसाधन व्यक्ति स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और कारोबार शुरू करने के साथ ही उसे आगे बढ़ाने के तौर-तरीकों का प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये महिलाएं गांव-गांव जाकर कार्यक्रम आयोजित करेंगी और अन्य महिलाओं को योजना के उद्देश्य तथा स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देंगी।
इस पहल से अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के साधनों से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। लखपति दीदी योजना का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की वार्षिक घरेलू आय कम से कम एक लाख रुपये तक पहुंचाना है।
इसके लिए महिलाओं को स्वरोजगार, छोटे कारोबार और आजीविका से जुड़ी गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कोट
योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन सकें।
-अस्मिता ठाकुर, उपनिदेशक, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, हमीरपुर