हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बलोखर में टीकाकरण के लिए उमड़ी भारी भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए शुरू किए गए कोविड-19 टीकाकरण अभियान में उचित सामाजिक दूरी के सभी नियम टूट रहे हैं। जिला हमीरपुर में इस अभियान के तहत टीकाकरण के लिए पांच दर्जन के करीब वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं। जहां पर पहले आओ और पहले पाओ की सुविधा है। इस चक्कर में लोग अस्पताल के खुलने से करीब डेढ़ से दो घंटे पहले ही अस्पताल में पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन के लिए मंगलवार को काफी मारामारी रही। इस अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को सलौणी, धनेटा, गलोड़, बलोखर में वैक्सीन लगवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह ही अस्पताल परिसर में डेरा जमाए बैठे रहे। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलौणी में सुबह आठ बजे 70 से 80 लोग अस्पताल खुलने से पहले ही लाइनों में लग चुके थे।
इसी तरह सीएचसी गलोड़, धनेटा और आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में सैकड़ों की संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। इस दौरान इन अस्पतालों में लोग एक-दूसरे से चिपके हुए पाए गए। जबकि, स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर लोगों को दो गज की दूरी, मास्क और सैनिटाइजेशन के बारे में जागरूक करता रहा है। इसके बावजूद वैक्सीन के लिए अस्पतालों में मारामारी रही। उधर, सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 200, सीएचसी और सिविल अस्पताल में 150-150 और पीएचसी में 100-100 लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। लोगों को उचित सामाजिक दूरी नियमों का पालन करना चाहिए।