दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में वीरवार को रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। बाबा बालक नाथ न्यास की ओर से बीते एक दशक से हर वर्ष विश्व शांति के लिए इस यज्ञ का आयोजन किया जाता है। सात दिन चलने वाले इस रुद्र महायज्ञ में सनातन धर्म की परंपरा अनुसार हवन इत्यादि किया जाएगा और विश्व शांति के लिए प्रार्थना की जाएगी। मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल ने कहा कि बाबा बालक नाथ न्यास हर वर्ष शरद नवरात्र के दौरान इस यज्ञ का आयोजन करता है। मंत्र उच्चारण के साथ यज्ञ में आहुतियां डाली जाती हैं ताकि विश्व में शांति रहे, सभी लोग आरोग्य रहें व समृद्ध हों, इसकी कामना की जाती है। शुक्रवार को हवन यज्ञ के शुभारंभ पर सुबह कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान आस-पास के ग्रामीण भी उपस्थित रहे। मंदिर में छह अक्तूबर तक हर रोज सात से 10 बजे तक पूजन किया जाएगा। वहीं, सुबह सात बजे से लेकर 10 बजे तक प्रतिदिन पाठ किया जाएगा। सात अक्तूबर को हवन में पूर्ण आहुति डाली जाएगी।