ताल (हमीरपुर)। बिजली उपमंडल लंबलू ने बिजली के अनाधिकृत उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसते हुए उपभोक्ताओं से 2.79 लाख रुपये जुर्माने के तौर पर वसूले हैं। बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चलाए रखने और बिजली बोर्ड को हो रहे वित्तीय नुकसान को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की है।
गत फरवरी माह से नए सहायक अभियंता ई. ज्ञान चंद भाटिया ने बिजली उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता के रूप में कार्यभार संभाला। तब से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें अनुभाग स्तर पर कमेटियां का गठन किया है। यह कमेटियां उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ एक उपभोक्ता सर्विस वायर से सीधी तार जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं से लिखित तौर पर माफीनामा और नियमों के अनुसार जुर्माना वसूल किया गया।
बिजली अनुभाग लंबलू के तहत चार उपभोक्ताओं से करीब 1.79 लाख रुपये और अनुभाग टिक्कर के तहत एक उपभोक्ता से एक लाख रुपये वसूल किए हैं। कुल मिलाकर गत दो माह में बोर्ड द्वारा जुर्माने के तौर पर 2.97 लाख रुपये वसूल किए हैं। यह कमेटियां अनुभाग स्तर पर अनाधिकृत रूप से जो बिजली का उपयोग कर रहे हैं उनकी जांच कर रही हैं। वहीं इस बारे बिजली उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ई. ज्ञान चंद भाटिया ने कहा कि उपमंडल लंबलू के सभी अनुभागों में जांच का यह क्रम जारी रहेगा।