मकान पर बीपीएल पट्टिका लगाने के 100 रुपये तो वसूले जा रहे हैं लेकिन इसकी रसीद तक नहीं दी जा रही। गरीबों को सस्ते राशन सहित अन्य सुविधाएं सरकार मुहैया करवा रही है, लेकिन पहचान पट्टिका के गरीबों से रुपये वसूलने से लोगों में रोष है।
जोल पंचायत में बीपीएल परिवारों से वसूली कार्य शुरू हो गया है। लोगों से बीपीएल पहचान पट्टिका लगाने के 100 रुपये वसूले जा रहे हैं। रुपयों की रसीद भी लोगों को नहीं दी जा रही। पंचायत एक पेंटर से यह कार्य करवा रही है।
सरकार ने बीपीएल परिवारों के मकान पर पहचान पट्टिका लगाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित पंचायतों को अपने स्तर पर कार्य करवाने के लिए कहा है। बीपीएल परिवार के मकान पर पट्टिका होने से अपात्र व्यक्ति बीपीएल सुविधा का लाभ नहीं उठा सकेंगे।
इसी के मद्देनजर बीपीएल पहचान पट्टिका लगाना अनिवार्य किया गया है। उपमंडल सुजानपुर की जोल पंचायत में पट्टिका पर बीपीएल परिवार के मुखिया का नाम, बीपीएल संख्या और वर्ष अंकित किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत जोल के पूर्व उपप्रधान संसार चंद ने बताया कि बीपीएल परिवारों से पहचान पट्टिका लगाने के सौ रुपये वसूलना गलत है। पंचायत को यह कार्य अपने स्तर पर करना चाहिए। वहीं, ग्राम पंचायत प्रधान जोल कुसम देवी का कहना है कि पंचायत को बीपीएल परिवार के मकान पर पहचान पट्टिका लगाने के आदेश मिले हैं।
पंचायत एक पेंटर से कार्य करवा रही है। पहले इस कार्य के लिए 200 रुपये मांगे जा रहे थे। पंचायत ने रियायती दर पर कार्य शुरू करवाया है। बीपीएल परिवार अपने स्तर पर भी पट्टिका लगवा सकते हैं।
बीपीएल परिवारों के मकान पर पहचान पट्टिका लगाने के आदेश मिले हैं। पंचायत स्तर पर यह कार्य किया जाएगा। संबंधित पंचायत अपने स्तर पर कार्य करवाएगी। बीपीएल पहचान पट्टिका लगाना अनिवार्य किया गया है।
- सुरजीत ठाकुर, खंड विकास अधिकारी, सुजानपुर