हमीरपुर। अनलॉक-1 में दी गई रियायतों में से एक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा घाटे के कारण फेल होती दिख रही है। हमीरपुर एचआरटीसी डिपो ने 47 लोकल और 6 लंबे रूटों पर बस सेवा शुरू की थी, लेकिन रविवार को सभी 47 लोकल रूटों को बंद कर दिया गया। केवल शिमला, बद्दी और मंडी तीन बस रूटों पर ही बसें चलीं। घाटे का हवाला देते हुए अनलॉक वन में लोगों की सुविधा के लिए हमीरपुर एचआरटीसी डिपो की ओर से शुरू की गई 53 रूटों की बसों में से 20 रूटों की बसें बंद कर दी गई हैं।
बंद किए गए रूटों में लोकल रूट ही शामिल हैं। अंतर जिला सभी 6 रूट जारी रहेंगे। लोकल में महज 33 रूटों पर ही बसें चलेंगी। उधर रविवार को डिपो प्रबंधन ने महज तीन रूटों पर ही बसें भेजी थी। रविवार को लोगों की आवाजाही कम होने के कारण निगम प्रबंधन ने महज तीन रूट की बसों भेजीं। इनमें भी सवारियां नाम मात्र ही रहीं। कोरोना वायरस के डर से लोग अभी बसों में बैठने से परहेज ही कर रहे हैं। वहीं सवारियां न होने के कारण निगम को घाटा सहना पड़ रहा है। घाटे के चलते निगम प्रबंधन ने 53 में से 20 रूट बंद कर दिए हैं, जबकि 33 रूटों में से जिन रूटों पर सवारियां नहीं होंगी, वहां बसें नहीं भेजी जाएंगी। अगर अड्डे पर बस खाली होगी तो उस रूट पर बस नहीं जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी डिपो हमीरपुर विवेक लखनपाल का कहना है कि रविवार को 3 रूटों पर बसें भेजी गई थी। लोगों की आवाजाही न होने के कारण महज ये 3 बसें ही गई थी। 53 में से 20 रूट बंद कर दिए गए हैं। 33 रूटों पर भी बसें केवल वही पर जाएगी जहां के लिए अड्डा पर खड़ी बस में सवारियां होंगी।