मझौ गांव में स्लेटपोश मकान का कमरा क्षतिग्रस्त होने से हुआ नुकसान। संवाद
- फोटो : mathura
भरेड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत धिरड़ के मझौ गांव में शुक्रवार सुबह स्लेटपोश मकान का एक कमरा क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित कृष्ण लाल ने कहा कि सुबह वह घर पर दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, इसी बीच दो मंजिला मकान का एक कमरा धराशायी हो गया, जबकि दूसरा कमरा भी गिरने की कगार पर है। हादसे में करीब चार लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि यदि दूसरा कमरा भी जमींदोज हो जाता है, तो नुकसान का आकलन और बढ़ जाएगा। मकान के अलावा उनके पास रहने के लिए कोई भी दूसरा ठिकाना नहीं है। पंचायत प्रधान सुरेंद्र कुमार और उपप्रधान शशि शर्मा ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि यह परिवार गरीब है और अब बेघर होने की स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र राहत जारी करने की मांग कि है, ताकि संकटग्रस्त परिवार को सहारा मिल सके। उधर, पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया है और पूरी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी है। संवाद